मथुरा में फिर एक बार हुआ सनसनी खेज हत्याकांड प्लास्टिक कारोबारी के घर में घुसकर पत्नी को बनाया निशाना लाखों रुपये के आभूषण और नगदी लेकर फरार
गोपाल चतुर्वेदी
जिला सम्वाददाता
मथुरा।
मथुरा। हाईवे थाना क्षेत्र अंतर्गत हाईवे किनारे स्थित श्रीनाथ अपार्टमेंट में प्लास्टिक कारोबारी की पत्नी की हत्या से सनसनी फैल गई। हमलावर घटना को अंजाम देने के बाद लाखों के आभूषण व नकदी लूटकर फरार हो गए। देर शाम हुई वारदात से पुलिस विभाग हरकत में आ गया। पुलिस ने घटनास्थल से सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ अपार्टमेंट के चौकीदार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।हाईवे किनारे स्थित श्रीनाथ अपार्टमेंट में पंकज जैन परिवार के साथ रहते हैं। शहर के मोहल्ला चौक बाजार में उनका प्लास्टिक का कारोबार है। रोजाना की भांति रविवार सुबह वह अपनी दुकान पर चले गए। घर पर उनकी पत्नी मणि जैन, उनके पिता एवं बच्चे थे। पत्नी मणि दूसरे कमरे में, जबकि ससुर दूसरे कमरे में थे। ससुर की तबीयत खराब रहती है, वह बोल नहीं पाते हैं। बताते हैं शाम करीब पांच बजे कुछ युवक उनके आवास पर प्रवेश कर गए। हमलावरों ने मणि जैन की धारदार हथियार से हत्या की और फिर लाखों के आभूषण व नकदी समेट कर भाग गए। कुछ देर बाद घटना की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस हत्यारों की तलाश में जुट गई है। अपार्टमेंट के गार्ड को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटना के राजफाश में पुलिस की कई टीमें लगा दी गई हैं। एसपी सिटी एमपी सिंह का कहना है कि कारोबारी की पत्नी की हत्या की गई है। लूट कितनी हुई है, इसकी जानकारी अभी नहीं हो सकी है। घटना के राजफाश में टीमें लगा दी गई हैं।
Comments
Post a Comment