बांकेबिहारी मंदिर के बाहर बैरिकेडिंग पर घुट रहा दम, भीड़ बढ़ने से बिगड़ी महिला की तबीयत
गोपाल ✒️ चतुर्वेदी ✍️
जिला सम्वाददाता ✍️
मथुरा I
मथुरा। ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए बनाई गई नई व्यवस्था मुसीबत बढ़ा रही है। वन-वे रूट होने के बावजूद मंदिर पहुंचने में चार जगह पर लगी बैरिकेडिंग पर श्रद्धालुओं को घंटों रोकने से भीड़ का दबाव लगातार बढ़ रहा है। इससे श्रद्धालुओं की हालत बिगड़ रही है। रविवार को भी बैरिकेडिंग पर रोके जाने के दौरान एक महिला श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ गई। बाद में उपचार के बाद उसे राहत मिल सकी।ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में रविवार को सुबह से ही भक्तों की भीड़ दर्शन के लिए पहुंच रही थी। हालांकि पर्व-उत्सव के दिनों से भक्तों की संख्या में कमी दिखाई दी। लेकिन, मंदिर तक पहुंचने में श्रद्धालुओं को जमकर पसीना बहाना पड़ा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मंगला आरती में हुई घटना के बाद जब प्रशासन ने नई व्यवस्था लागू की है। श्रद्धालुओं को मंदिर तक वन-वे रूट के जरिएपहुंचाया जा रहा है। वन-वे रूट पर चार जगह पर बैरिकेडिंग पर श्रद्धालुओं को रोका जाता है। विद्यापीठ से लेकर मंदिर के प्रवेशद्वार तीन तक पहुंचने में श्रद्धालुओं को चार बैरिकेडिंग से गुजरना पड़ता है।भीड़ कम होने के बावजूद पुलिस द्वारा श्रद्धालुओं को बैरिकेडिंग पर रोका जा रहा है। भीड़ का दबाव पूरी तरह बनने पर उन्हें छोड़ा जाता है। ऐसे में श्रद्धालुओं की भीड़ से बनते दबाव में श्रद्धालुओं की हालत बिगड़ रही है। रविवार की सुबह बैरिकेडिंग पर घंटों रोके जाने से भीड़ के दबाव के चलते दिल्ली के मंडावली निवासी 45 वर्षीय पिंकी की तबीयत बिगड़ गई। पुलिस ने उन्हें भीड़ के बीच से निकालकर चिकित्सकों के पास पहुंचाया। चिकित्सकों ने महिला का प्राथमिक उपचार किया, तब जाकर महिला को राहत मिली।
Comments
Post a Comment