मथुरा: राष्ट्रीय लोक अदालत में 334090 में से 278200 का हुआ निस्तारण
गोपाल ✒️ चतुर्वेदी
जिला सम्वाददाता
मथुरा I
मथुरा जनपद न्यायालय में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन हुआ। राष्ट्रीय लोक अदालत की शुरुआत जनपद न्यायाधीश राजीव भारती ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप जलाकर की। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव नीरू शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में उपस्थित बैंकों, मोबाइल व फाइनेन्स कम्पनियों की स्टॉलों पर जनपद न्यायाधीश द्वारा स्वयं पक्षकारों को सुना। साथ ही पक्षकारों के मामलों के निस्तारण हेतु उपस्थित बैंक अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में जिला मुख्यालय, कलेक्ट्रेट, तहसील स्तर पर कुल 334090 वाद निस्तारण हेतु नियत किये गये थे। जिनमें से 278200 वादों का निस्तारण हो सका। साथ ही जनपद न्यायाधीश राजीव भारती ने 44 सिविल वाद व 01 फौजदारी वाद का निस्तारण किया। मोटर दुर्घटना प्रतिकर वादों में मोटर वाहन दुर्घटना प्रतिकर न्यायाधिकरण द्वारा मोटर दुर्घटना प्रतिकर वादों से सम्बंधित 76 वादों का निस्तारण कर 5,40,68,500 रुपये की प्रतिकर राशि पीडित पक्षकारों को दिलाये जाने के आदेश दिए। साथ ही 02 प्रकीर्ण वादों का भी निस्तारण किया गया। फौजदारी न्यायालयों द्वारा फौजदारी से सम्बंधित 22357 वादों का निस्तारण कर 18,11,090 रूपये का अर्थदण्ड वसूला गया। चेक बाउन्स के 105 वादों का निस्तारण कर 2,34,75,412 रुपये का भुगतान पक्षकारों को करने के आदेश दिए गए। 60 व्यवहारिक वाद, 99 विद्युत अधिनियम वाद, 345 विद्युत अधिनियम अंतिम आख्या, 55 अंतिम आख्या, 14 उपभोक्ता फोरम वाद 09 आर्बिट्रेशन वाद, 08 श्रम वाद तथा 50 अन्य प्रकार के वादों का निस्तारण किया गया। साथ ही विभिन्न बैंको, मोबाइल कम्पनियों द्वारा निस्तारण हेतु लगाये गये प्री-लिटिगेशन वादों में 1167 वादों का निस्तारण कर 2,60,19,639 रूपये वसूले गये। जिला व तहसील स्तर पर स्थापित प्रशासनिक न्यायालयों/विभागों द्वारा प्री-लिटिगेशन स्तर पर 253720 वादों का निस्तारण किया गया।इस दौरान प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय डॉ विदुषी सिंह, पीठासीन अधिकारी मोटर दुर्घटना प्रतिकर
न्यायाधिकरण रणधीर सिंह, उपभोक्ता फोरम अध्यक्ष नवनीत कुमार, स्थायी लोक अदालत अध्यक्ष, विमल प्रकाश शुक्ला, नोडल अधिकारी / अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अभिषेक पाण्डेय, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट उत्सव गौरव राज समेत अन्य न्यायिक अधिकारी, कर्मचारी, अधिवक्ता बैंक, मोबाइल, फाइनेन्स कम्पनियों के अधिकारी, वादकारी आदि मौजूद रहे। नोडल अधिकारी/अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश मथुरा अभिषेक पाण्डेय तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मथुरा सचिव नीरू शर्मा ने आभार व्यक्त किया।
Comments
Post a Comment