मथुरा में दोहराया गया कंझावाला कांड 12 किलोमीटर तक घसीटा व्यक्ति कई टुकड़े हुये
कार में फंसा शव कई किमी तक घसीटा:शरीर के दो टुकड़े हो गए, मथुरा में टोल प्लाजा पर रुकी गाड़ी तो लोथड़े निकाले गए
गोपाल चतुर्वेदी
जिला सम्वाददाता
मथुरा
दिल्ली के कंझावला जैसा मथुरा में हादसा हुआ है। यमुना एक्सप्रेस-वे पर कार ने युवक के शव को कई किलोमीटर तक घसीटा। मांट टोल प्लाजा पर कार रुकी, तब सिक्योरिटी गार्ड की नजर पड़ी और फिर शव को गाड़ी के नीचे से बाहर निकाला। शरीर के दो टुकड़े हो गए। गाड़ी में फंसे शव के लोथड़े निकाले गए। शव की हालत देखकर लोगों का कहना है कि करीब 10-12 किमी घसीटा गया है।
कार मांट टोल प्लाजा पर पहुंची, तब एक्सप्रेस-वे के सुरक्षा कर्मियों की नजर गाड़ी के पीछे फंसे शव पर पड़ी। शव कितने किलोमीटर तक कार में फंसा रहा, इस बारे में पुलिस कुछ भी कहने से बच रही है। कार आगरा से नोएडा की तरफ जा रही थी। दिल्ली निवासी वीरेंद्र कार चला रहा था। उसे हिरासत में लेकर पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है।
शव करीब 30 वर्षीय युवक का है। अभी उसकी शिनाख्त नहीं हुई है। कार स्विफ्ट है, जिसका नंबर DL12 CT2125 है। मंगलवार तड़के 3 बजे कार मांट टोल प्लाजा पर पहुंची थी। कार में 2 महिला और 2 पुरुष सवार थे। वे लोग दिल्ली के तिगड़ी थाना क्षेत्र के संगम विहार के रहने वाले हैं। परिवार के साथ आगरा में शादी कार्यक्रम से लौट रहे थे। टोल कटाने के लिए जब गाड़ी रुकी तो सुरक्षा कर्मियों को गाड़ी के पीछे से सड़क पर बहते खून के निशान दिखे। गाड़ी के पीछे जाकर देखा तो एक युवक का शव बुरी तरह फंसा था। इसके बाद कार को रोक लिया गया। पुलिस को सूचना दी गई। फिर पुलिस की मौजूदगी में शव को निकाला गया।कार ड्राइवर वीरेंद्र ने पुलिस को बताया कि उसे घटना के बारे में पहले कोई जानकारी नहीं थी। उसकी कार से कोई हादसा भी नहीं हुआ। उसे टोल प्लाजा पर लोगों ने बताया कि गाड़ी में शव फंसा है। हालांकि, पुलिस का मानना है कि ऐसा नहीं हो सकता। जब गाड़ी किसी से टकराती है या किसी के ऊपर चढ़ती है तो पता चल ही जाता है। पुलिस ड्राइवर से कड़ाई से पूछताछ कर रही है।
Comments
Post a Comment