जेल मंत्री ने अपनी जेब से दो हजार रुपये जुर्माना जमा कर छुड़ाया बंदी
गोपाल ✒️ चतुर्वेदी
जी सी न्यूज नेटवर्क
मथुरा
मथुरा। प्रदेश सरकार के कारागार मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने अदालत द्वारा तय अर्थदंड जमा न कर पाने के कारण जेल में सजा काट रहे बंदी को जेब से अर्थदंड जमा करके छुड़वा दिया। इस बंदी पर अदालत ने दो हजार रुपये का अर्थदंड लगाया था। जुर्माना अदा करते ही जेल ने बंदी को रिहा कर दिया।
दरअसल, कारागार मंत्री वृंदावन में भागवताचार्य देवकीनंदन महाराज के गोशाला उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस दौरान उनके आह्वान पर देवकीनंदन ने प्रस्ताव रखा कि यदि कोई बंदी जमानती धनराशि के अभाव में जेल में बंद हो, हम उन्हें छुड़वा देंगे। जेल प्रशासन से जानकारी करने पर कारागार मंत्री को पता लगा कि मथुरा कारागार में सिर्फ एक ही बंदी प्रेम सिंह पुत्र सोरन सिंह उर्फ मांट थाने में दर्ज अभियोग से न्यायालय द्वारा दी गई पांच वर्ष की सजा तो काट चुका है, लेकिन दो हजार रुपये का अर्थदंड जमा नहीं कराया है। जिसके कारण वह अर्थदंड जमा न करने के कारण दो माह की अतिरिक्त सजा काट रहा है।
कारागार मंत्री ने जेल अधिकारियों को अपनी जेब से दो हजार रुपये दिए। जेल प्रशासन ने कुछ ही देर में उक्त बंदी को जेल से रिहा कर दिया। कारागार मंत्री ने बताया कि उन्होंने समाज के ऐसे लोगों से इस कार्य में हाथ बंटाने का आह्वान किया है जो कि सक्षम है। जेल अधीक्षक ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि कारागार मंत्री द्वारा जमा कराए गए अर्थदंड के बाद बंदी को कारागार से रिहा कर दिया गया है।
Comments
Post a Comment